जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी बस्तर फाइटर्स भर्ती नियम 2026 के तहत जिला बस्तर में स्थानीय निवासियों के लिए 79 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जगदलपुर द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 2 नवंबर 2026 से निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती के लिए आवेदन जमा करने की प्रारंभिक तिथि 2 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक है।
वर्गवार पदों का विवरण
अनारक्षित वर्ग – 16 पद
अन्य पिछड़ा वर्ग – 11 पद
अनुसूचित जाति – 02 पद
अनुसूचित जनजाति – 50 पद
कुल – 79 पद
यहां जमा कर सकेंगे आवेदन
अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र निम्नलिखित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं—
रक्षित केंद्र, जगदलपुर जिला बस्तर।
कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), केशकाल (परपा)।
कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), लोहण्डीगुड़ा।
कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), भानपुरी।
इसके अलावा आवेदन पत्र पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर जिला बस्तर, पिन कोड 494001 के पते पर भी भेजे जा सकते हैं।
वेबसाइट पर मिलेगी भर्ती संबंधी जानकारी
भर्ती का निर्धारित आवेदन प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक योग्यता परीक्षा, लिखित परीक्षा एवं अन्य विस्तृत जानकारी जिले के समस्त थाना-चौकी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालयों तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध रहेगी।
इसके साथ ही भर्ती संबंधी नियम एवं अन्य विवरण छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://cgpolice.gov.in तथा बस्तर पुलिस की वेबसाइट https://bastar.cgpolice.gov.in पर भी देखे जा सकते हैं।