Adevertise
Top Stories
news-details
छत्तीसगढ
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

राष्ट्रीय एकता के संकल्प से गूंजा साइंस कॉलेज परिसर, 27वीं CG बटालियन NCC ने देशभक्ति के रंग में मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस...

रक्तदान, साइकिल रैली, पदयात्रा, वृक्षारोपण और नुक्कड़ नाटक के जरिए कैडेट्स ने दिया एकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

रायपुर। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से रायपुर एनसीसी ग्रुप के अंतर्गत 27 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी द्वारा साइंस कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। देशभक्ति के जज्बे और अनुशासन से ओतप्रोत इस आयोजन में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर साई प्रसाद सिस्तला, एसएम थे। संपूर्ण आयोजन 27 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एस. वेलमुरुगन एवं एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर कर्नल सुभाष महतो के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजन को केवल औपचारिक समारोह तक सीमित न रखते हुए सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता से जोड़ा गया। इसके अंतर्गत रक्तदान शिविर, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, राष्ट्रीय एकता साइकिल रैली, पदयात्रा, वृक्षारोपण एवं नुक्कड़ नाटक जैसी विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स ने समाज में एकता, भाईचारे, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर साई प्रसाद सिस्तला ने उपस्थित कैडेट्स एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा देश की एकजुटता के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प दिलाया।

अपने संबोधन में ब्रिगेडियर सिस्तला ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र की मजबूती के लिए नागरिकों में अनुशासन, समर्पण और एकजुटता की भावना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने, ध्यान भटकाने वाली गतिविधियों से बचने तथा जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी एकाग्रता और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले कैडेट्स की सराहना करते हुए विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

इस अवसर पर साइंस कॉलेज के सेवानिवृत्त हो रहे प्राचार्य डॉ. अमिताभ बैनर्जी को एनसीसी एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

आयोजन में साइंस कॉलेज रायपुर, सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज, दुर्गा महाविद्यालय, दिशा कॉलेज, होली क्रॉस स्कूल कांपा, केपीएस स्कूल एवं भवन्स स्कूल रायपुर के एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. कुलदीप दुबे, लेफ्टिनेंट डॉ. रवि बंजारे, लेफ्टिनेंट चेतना नायक, फर्स्ट ऑफिसर रीता शुक्ला, वासुदेव शर्मा, एसएम धर्मपाल सिंह, सूबेदार जगतार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने एनसीसी कैडेट्स के भीतर राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करने के साथ यह संदेश दिया कि सशक्त राष्ट्र का निर्माण एकजुट, जागरूक और अनुशासित युवाशक्ति से ही संभव है।