news-details
छत्तीसगढ
sampatdak
SUBHASH RATTANPAL
सुभाष रतनपाल




जगदलपुर। नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगारों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को बस्तर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपी पर पूर्व में भी ठगी और मारपीट सहित कुल 7 अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी कृष्ण कुमार वैष्णव पिता गोपालदास, उम्र 38 वर्ष, निवासी आड़ावाल, थाना बोधघाट, जगदलपुर ने होमगार्ड एवं फॉरेस्ट विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर कई लोगों से रकम ली थी। आरोपी विभागों में अपनी अच्छी पहचान होने का दावा करता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए वह उन्हें वर्दी भी दिखाता और नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर रकम ऐंठता था।

चार लोगों से 8.95 लाख रुपये लेने का आरोप


मामले में प्रार्थी नीरबत्ती कश्यप, उम्र 27 वर्ष, निवासी मावली गुड़ा, जिला बस्तर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार आरोपी ने प्रार्थी से 1.50 लाख रुपये, उसके साथी परमेश्वर नेताम से 2.05 लाख रुपये, सरिता बघेल से 3.92 लाख रुपये तथा सोनधर कश्यप से 70 हजार रुपये लिए। इस तरह कुल 8.95 लाख रुपये की राशि फोन-पे और नगद के माध्यम से लेने का आरोप है।

रकम लेने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ितों ने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया। घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गया।


घर से पुलिस ने पकड़ा


शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान आरोपी को उसके आड़ावाल स्थित घर से हिरासत में लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नौकरी लगाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा फोन-पे एवं नगद माध्यम से रकम प्राप्त करने के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 14 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


पहले से दर्ज हैं 7 अपराध


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध ठगी और मारपीट सहित कुल 7 अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। कई बार जेल जाने के बावजूद आरोपी के अपराधों में लिप्त रहने की बात पुलिस ने कही है।


एसपी के निर्देशन में कार्रवाई


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका:

निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक छबील तांडेकर, प्रधान आरक्षक विनोद चांदने, राजपूत तथा आरक्षक रंगलाल खरे, त्रिनाथ कश्यप और तामेश्वर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


पुलिस की अपील


बस्तर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी विभागों में नौकरी लगाने, भर्ती कराने या किसी अधिकारी से पहचान होने का दावा करने वाले व्यक्तियों के झांसे में आकर किसी भी प्रकार की राशि न दें। नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

You can share this post!

Related Posts