छत्तीसगढ
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

हरमीत खनूजा के घर ईडी का छापा

भारत माला मुआवजा घोटाला रायपुर–महासमुंद में 9 ठिकानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई,देखें वीडियो....

रायपुर/महासमुंद।भारत माला परियोजना में भूमि अधिग्रहण मुआवजा घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। सोमवार सुबह ईडी की टीमों ने राजधानी रायपुर और महासमुंद जिले में एक साथ 9 ठिकानों पर छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।

ईडी की कार्रवाई का मुख्य केंद्र रायपुर के लॉ-विष्टा सोसाइटी स्थित हरमीत सिंह खनूजा का आवास रहा, जहां घंटों तक दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और बैंकिंग लेन-देन की गहन जांच की गई।

खनूजा पर कसा शिकंजा:

अधिकारियों का कहना है कि इस आपरेशन के तहत हरमीत सिंह खनूजा, उनके सहयोगियों, कुछ सरकारी अधिकारियों और जमीन मालिकों से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल डेटा और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड जब्त कर लिए गए हैं। छापेमारी के बाद बडे खुलासे होने की उम्मीद है।

मुआवजा भुगतान में फर्जीवाड़ा!

जांच रायपुर–विशाखापत्तनम आर्थिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान मुआवजा वितरण में हुई भारी अनियमितताओं को लेकर की जा रही है। ईडी को शक है कि फर्जी दस्तावेजों और मिलीभगत से करोड़ों रुपये का खेल किया गया।

सरकारी अफसर और दलाल रडार पर:

ईडी सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई हरमीत सिंह खनूजा, उनके करीबी सहयोगियों, कुछ सरकारी अधिकारियों और जमीन मालिकों तक फैली हुई है। मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से बैंक खातों और ट्रांजैक्शन चेन को खंगाला जा रहा है।

महासमुंद में सुबह 6 बजे रेड:

महासमुंद के मेघ बसंत इलाके में ईडी की टीम सुबह तड़के पहुंची और व्यवसायी जसबीर सिंह बग्गा के निवास पर छापा मारा। सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी में जांच देर तक जारी रही, किसी को भी घर के अंदर जाने नहीं दिया गया।

छापेमारी के बाद बड़े खुलासों के संकेत:

ईडी ने कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। अधिकारियों का संकेत है कि आने वाले दिनों में पूरे घोटाले की परतें खुल सकती हैं और कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है।