news-details
छत्तीसगढ
sampatdak
SUBHASH RATTANPAL
सुभाष रतनपाल



जगदलपुर। बस्तर के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से संचालित निशुल्क ज्ञानगुड़ी कोचिंग के विद्यार्थियों ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ज्ञानगुड़ी से इस वर्ष चार विद्यार्थियों ने NEET की पहली राउंड की काउंसलिंग में ही MBBS की सीट हासिल कर बस्तर का नाम रोशन किया है।

ज्ञानगुड़ी से चयनित विद्यार्थियों में समीर मरकाम और गीतेश्वरी सलाम को मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, कृष्णा सेन को कांकेर मेडिकल कॉलेज तथा खुशबू बिस्वास को रायपुर मेडिकल कॉलेज में MBBS में प्रवेश मिला है।

MBBS में चयन के बाद चारों विद्यार्थी कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात करने पहुंचे और अपनी सफलता के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को टैबलेट भेंट कर उनकी सफलता पर खुशी जताई और आगे भी पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद बस्तर लौटकर यहां के लोगों की सेवा में योगदान दें। कलेक्टर ने विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी।

कलेक्टर से टैबलेट मिलने पर विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे उनकी पढ़ाई में काफी सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने पूरे वर्ष कलेक्टर द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और टिप्स को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से पढ़ाई की, जिसका परिणाम उन्हें MBBS सीट के रूप में मिला।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर आकाश छिकारा लगातार ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते रहे हैं। वे विद्यार्थियों के साथ अपनी पढ़ाई और UPSC की तैयारी से जुड़े अनुभवों तथा महत्वपूर्ण बिंदुओं को साझा करते रहे हैं। इसी मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है कि ज्ञानगुड़ी के 90 विद्यार्थियों में से 50 ने NEET क्वालीफाई किया, जबकि इनमें से चार विद्यार्थियों ने पहली ही काउंसलिंग में MBBS की सीट हासिल कर ली।

ज्ञानगुड़ी की शुरुआत के बाद से बस्तर के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक बेहतर मंच मिला है। यहां के विद्यार्थी अब महानगरों में उपलब्ध सुविधाओं के मुकाबले बेहतर तैयारी करते हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं।

विद्यार्थियों की बढ़ती सफलता को देखते हुए ज्ञानगुड़ी का विस्तार भी किया गया है। अब यहां CGPSC, व्यापम, रेलवे और बैंकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग भी प्रारंभ की गई है। इससे बस्तर के ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिल रहा है।


इस अवसर पर दीप्ति कलेक्टर हीरा गवर्ना, ज्ञानगुड़ी प्रभारी अलेक्जेंडर एम चेरियन, श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव और संजीव बिस्वास उपस्थित रहे।


You can share this post!

Related Posts