news-details
छत्तीसगढ
sampatdak
SUBHASH RATTANPAL
सुभाष रतनपाल


जगदलपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए जगदलपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए बस्तर पुलिस द्वारा विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में यातायात शाखा जगदलपुर द्वारा चाट एवं गुपचुप संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़, यातायात दबाव और दुकानों के सामने होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करना रहा।

यह बैठक पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में चाट-गुपचुप दुकानों के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस संबंध में संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

दुकानों के सामने वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित कराने के निर्देश


पुलिस द्वारा चाट एवं गुपचुप संचालकों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि उनकी दुकानों के सामने ग्राहक अपने वाहनों को इस तरह खड़ा न करें, जिससे सड़क पर जाम या यातायात बाधित होने की स्थिति निर्मित हो। वाहनों की सही एवं व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने तथा सड़क के हिस्से पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई।

आगामी त्योहारों के दौरान शहर के बाजार क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने संचालकों से सहयोग की अपील की। पुलिस का उद्देश्य दुकानदारों और ग्राहकों के बीच समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।


त्योहारों के दौरान भीड़ और यातायात दबाव पर रहेगा विशेष ध्यान


बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान शहर की सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ एवं यातायात दबाव को नियंत्रित करने, यातायात नियमों का पालन कराने और आम नागरिकों के सुरक्षित आवागमन को लेकर चर्चा की गई।

पुलिस ने संचालकों को समझाया कि दुकान के आसपास अत्यधिक भीड़ या वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग होने से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी आवागमन में परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी संचालक यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


अप्रिय घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश


बैठक में चाट-गुपचुप संचालकों को यह भी निर्देश दिया गया कि दुकान या आसपास किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि होने पर स्वयं स्थिति को बिगाड़ने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम एवं डायल 112 से संपर्क करने के निर्देश दिए गए।

चाट एवं गुपचुप संचालकों ने भी यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने पर सहमति व्यक्त की।


यातायात शाखा के अधिकारी रहे मौजूद


बैठक के दौरान यातायात उप पुलिस अधीक्षक जयराम चेरमाको, यातायात प्रभारी मधुसूदन सिंह नाग, निरीक्षक कमलेश देवांगन, एएसआई सुरदर्शन दुबे, राजकुमार आडिल, प्रधान आरक्षक प्रकाश देवांगन, आरक्षक समरथ मरकाम, नोमलाल साहू, प्राणसाय कुंजूर, परमेश्वर मंडावी सहित यातायात शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बस्तर पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर आवश्यक तैयारियां और समन्वय किया जा रहा है।

You can share this post!

Related Posts