1.03 करोड़ के सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, संयुक्त निरीक्षण में बेस, WMM और रोलिंग को लेकर भी उठे तकनीकी प्रश्न
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के जगदलपुर स्थित बोधघाट वेयरहाउस परिसर में निर्मित सीसी सड़क अब निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में है। उपलब्ध विभागीय दस्तावेजों, कार्यादेश और मार्च 2025 में किए गए संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट को देखने पर सड़क निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदु सामने आते हैं। इस पूरे कार्य में संबंधित अभियंता की भूमिका भी सामने आती है, जिनकी संबंधित निर्माण कार्य की तकनीकी निगरानी से जुड़ी भूमिका दस्तावेजों में दर्ज है।
8-9 मार्च 2025 को हुआ संयुक्त निरीक्षण
विभागीय दस्तावेज के अनुसार 8 मार्च से 9 मार्च 2025 तक बोधघाट परिसर में निर्मित सीसी रोड कार्य का संयुक्त परीक्षण किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों की समिति ने मौके पर निरीक्षण किया और शाखा के कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए।
निरीक्षण में सड़क के अलग-अलग हिस्सों की कोर कटिंग और माप किए जाने का उल्लेख है। रिपोर्ट में कुछ स्थानों पर सड़क की स्थिति, बेस और परतों से संबंधित तकनीकी टिप्पणियां दर्ज की गई हैं।
यानी कागजों पर पूरा हो चुका सड़क निर्माण जब तकनीकी जांच के दायरे में आया, तो कई ऐसे सवाल सामने आए जिनका जवाब विभागीय रिकॉर्ड से तलाशना जरूरी हो गया।