जगदलपुर। बस्तर पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों एवं गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस लहराकर आम नागरिकों को भयभीत करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि 23 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि लालबाग मैदान, सन सिटी मोड़ के पास एक व्यक्ति हाथ में देशी कट्टा लेकर उसे लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान अजय राजपूत, उम्र 29 वर्ष, निवासी महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक 47, नया नाका, जगदलपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद कर विधिवत जब्त किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे एवं साइबर प्रभारी चंद्रहास सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से हथियार एवं कारतूस बरामद किया।
कार्रवाई में उनि. अरुण मरकाम, उनि. अमित सिदार, उनि. प्रमोद ठाकुर, प्रउनि. कमलेश प्रजापति, प्रउनि. राहुल कुमार यादव, प्रउनि. शकुंतला, प्र. आर. धर्मेंद्र कंवर, आरक्षक कृष्णा नेताम, मंहगू कश्यप, अमर बेसरा, महेंद्र पटेल, तरुण यादव, वरुण ठाकुर, तामेश्वर चंद्राकर, हरीश, बंसीलाल एवं रंगलाल खरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर आम नागरिकों में भय उत्पन्न करने वाले तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।