छछानपैरी में संविधान दिवस पर कार्यक्रम...
छछानपैरी-रायपुर। संविधान दिवस को पूरे देश में स्थान स्थान पर संविधान के गौरव से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी तारतम्य में स्व.आशाराम डहरिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छछानपैरी जिला रायपुर में प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। संस्था के व्याख्याता डॉ. लूनेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस दौरान संविधान की महत्ता और संविधान बनाने में छत्तीसगढ़ की भूमिका से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया।
ज्ञात हो कि बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान निर्माताओं ने लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुकूल भारतीय संविधान तैयार किया। यह मसौदा 26 नवंबर सन् 1949ई. को तैयार हुआ। इसलिए इस दिन को संविधान दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। इस संविधान को बनाने में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संविधान बनाने वाली प्रतिनिधि मंडल में यहां से पं. रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, घनश्याम सिंह गुप्त, किशोरी मोहन त्रिपाठी, राम प्रसाद पोटाई और रघुराज सिंह ये छह प्रतिनिधि शामिल थे। इनमें से घनश्याम सिंह गुप्त के नेतृत्व में सन् 24 जनवरी 1950 को संविधान का हिंदी अनुवाद कर तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद को सौंपा गया था।
छछानपैरी में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम में प्राचार्य एम. के. बंसोड़े ने स्वंतत्रता से गणतंत्र दिवस के मध्य की संवैधानिक स्थिति की ओर छात्र छात्राओं का ध्यानाकर्षण कराया। इस दौरान संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित समस्त छात्र-छात्राओं ने शपथ वाचन किया। संस्कृत प्रेमी डॉ. लूनेश कुमार वर्मा ने संविधान की उद्देशिका को शपथ स्थिति में वाचन कराया और स्वयं संस्कृत में शपथ का वाचन किया।