छोटी दिवाली पर गोल चौक अंधेरे में, दुकानदार परेशान और पार्षद नदारद! वार्ड की बदहाली पर आशु चन्द्रवंशी से जनता का सवाल—आखिर कब जागेंगे जनप्रतिनिधि?
रायपुर। राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय नगर क्षेत्र के गोल चौक रोहिणीपुरम में छोटी दिवाली जैसे महत्वपूर्ण त्योहारी अवसर पर भी अंधेरे और अव्यवस्थित साफ-सफाई की स्थिति स्थानीय जनप्रतिनिधि की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। एक ओर पूरा शहर दीपावली की रोशनी से जगमगा रहा है, वहीं दूसरी ओर गोल चौक पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट के अभाव में दुकानदारों और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल क्षेत्र के भाजपा पार्षद आशु चन्द्रवंशी की सक्रियता को लेकर उठ रहा है। जिस वार्ड की जनता ने उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी सौंपी है, उसी क्षेत्र में त्योहार के मौके पर रोशनी और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव आखिर क्यों दिखाई दे रहा है?
त्योहार में कारोबार की उम्मीद, लेकिन बाजार में अंधेरा!
देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के अवसर पर गोल चौक के आसपास गन्ने सहित अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं। दुकानदार त्योहार के मद्देनजर ग्राहकों की अच्छी आवाजाही और कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे हैं। लेकिन पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण दुकानदारों को परेशानी हो रही है। अंधेरे में ग्राहकों को भी खरीदारी करने और आवागमन करने में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क किनारे गन्ने के ढेर, अव्यवस्थित बाजार और साफ-सफाई की स्थिति भी स्थानीय व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। त्योहार के दौरान जब बाजारों में विशेष सफाई और पर्याप्त रोशनी की जरूरत होती है, तब ऐसी स्थिति सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है।
पार्षद आशु चन्द्रवंशी आखिर किसका कर रहे इंतजार?
क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भाजपा पार्षद आशु चन्द्रवंशी की जिम्मेदारी भी कम नहीं है। क्या वार्ड की नियमित निगरानी करना, सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराना, खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक करवाना और दुकानदारों की समस्याओं का समाधान कराना पार्षद की जिम्मेदारी नहीं है?
जनता को केवल आश्वासन या सोशल मीडिया पर समस्याओं की तस्वीरें नहीं चाहिए, बल्कि धरातल पर बदलाव चाहिए। यदि त्योहार जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी वार्ड के प्रमुख चौक पर अंधेरा पसरा रहे तो पार्षद की सक्रियता और जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
जनता के टैक्स और वोट की कीमत कब समझेंगे जनप्रतिनिधि?
नगर निगम की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने और अधिकारियों से काम करवाने के लिए ही जनता अपने पार्षद का चुनाव करती है। ऐसे में वार्ड की समस्याओं को लेकर पार्षद की जवाबदेही तय होनी चाहिए। आखिर कब तक स्थानीय दुकानदार और आम नागरिक स्ट्रीट लाइट, सफाई और बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होते रहेंगे?
अब देखना यह है कि भाजपा पार्षद आशु चन्द्रवंशी गोल चौक रोहिणीपुरम की इस बदहाल स्थिति को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में सुधार के लिए पहल करते हैं या फिर जनता को इसी तरह समस्याओं के बीच अपना त्योहार मनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
जब पार्षद अपने वार्ड के प्रमुख चौक को ही रोशन और साफ नहीं रखवा पा रहे हैं, तो वार्ड के विकास और बेहतर व्यवस्था के उनके दावों का मूल्यांकन आखिर किस आधार पर किया जाए?