जगदलपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की संरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) जगदलपुर द्वारा ट्रेनों में ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थों के परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। 5 नवंबर 2026 को RPF पोस्ट जगदलपुर (JDB) के अधिकारियों एवं जवानों ने डॉग स्क्वॉड के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, पार्सल कार्यालय, प्रतीक्षालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की बारीकी से जांच की गई। इसके साथ ही यात्रियों और उनके सामान की भी विशेष रूप से तलाशी ली गई, ताकि किसी भी प्रकार के ज्वलनशील अथवा विस्फोटक पदार्थों का परिवहन रोका जा सके।
इस दौरान RPF जवानों ने यात्रियों को दीपावली पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की समझाइश दी। यात्रियों को बताया गया कि ट्रेनों में पटाखे, ज्वलनशील सामग्री एवं विस्फोटक पदार्थ लेकर यात्रा करना गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है। ऐसी सामग्री से आगजनी अथवा बड़ी दुर्घटना की आशंका रहती है, जिससे यात्रियों की जान-माल और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है।
जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध ज्वलनशील पदार्थ
RPF द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जांच में कोई भी ज्वलनशील अथवा विस्फोटक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। अभियान शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
निरीक्षक परवीन कुमार ने दी अभियान की जानकारी
RPF जगदलपुर के निरीक्षक परवीन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत डॉग स्क्वॉड की सहायता से स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की गई और यात्रियों के सामान की भी पड़ताल की गई। साथ ही यात्रियों को ट्रेनों में ज्वलनशील एवं विस्फोटक सामग्री नहीं ले जाने के प्रति जागरूक किया गया।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के मद्देनजर इस तरह की सतर्कता और जांच बेहद महत्वपूर्ण है। RPF द्वारा रेल यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें।