news-details
2



जगदलपुर। महारानी अस्पताल में स्टाफ नर्स रीमा दानी से जुड़े प्रशासनिक प्रकरण में लगातार जारी आदेशों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह ने कड़ा विरोध जताया है। संघ ने आरोप लगाया है कि मामले में अस्पताल की मैट्रन की पर्यवेक्षणीय जिम्मेदारी होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

दस्तावेजों के अनुसार, पूर्व में शिकायत की जांच के बाद 7 जुलाई 2026 को रीमा दानी को मेल वार्ड प्रभारी के पद से हटाकर अन्य वार्ड में स्टाफ नर्स के रूप में कार्य करने का आदेश दिया गया था। इसके बाद 28 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा आदेश जारी किया गया तथा 30 अक्टूबर और 2 नवंबर 2026 को जिला चिकित्सालय स्तर से उन्हें आपातकालीन विभाग में ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

संघ का कहना है कि इन आदेशों के बावजूद वास्तविक ड्यूटी, ड्यूटी रोस्टर, उपस्थिति पंजिका, अवकाश आवेदन एवं ड्यूटी समायोजन की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। संघ ने सवाल उठाया है कि जब उच्चाधिकारियों के स्पष्ट आदेश जारी हो चुके हैं, तो उनके पालन की निगरानी और सत्यापन की जिम्मेदारी निभाने में आखिर लापरवाही क्यों बरती गई?

जिला अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह ने दो टूक कहा कि शासकीय अस्पताल में अधिकारियों के आदेश कोई कागजी खानापूर्ति नहीं हैं। आदेशों की अनदेखी, लापरवाही या कार्रवाई को टालने की प्रवृत्ति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।


संघ ने मांग की है कि 28 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 2 नवंबर के आदेशों के पालन की जांच, 2 नवंबर के बाद आपातकालीन विभाग की वास्तविक ड्यूटी एवं रोस्टर का उपस्थिति पंजिका से मिलान, संबंधित अवकाश आवेदनों एवं स्वीकृति प्रक्रिया का सत्यापन तथा मैट्रन की पर्यवेक्षणीय भूमिका की जांच कर जिसकी भी जिम्मेदारी सामने आए, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

संघ ने स्पष्ट किया है कि यह किसी व्यक्ति विशेष का व्यक्तिगत विवाद नहीं, बल्कि सरकारी अस्पताल में प्रशासनिक अनुशासन, नर्सिंग सेवाओं की जवाबदेही और आदेशों के पालन की विश्वसनीयता का सवाल है। जिला अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय नहीं की गई तो संघ इस मुद्दे को उच्च स्तर तक ले जाने के लिए बाध्य होगा।

You can share this post!

Related Posts
Adevertise