news-details
2
sampatdak
SUBHASH RATTANPAL
सुभाष रतनपाल





नगरनार स्टील प्लांट में लगातार हो रही आदिवासी युवकों की मौत की घटनाएं चिंताजनक, आखिर कब जागेगा एनएमडीसी प्रबंधन? सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की जान की जिम्मेदारी तय हो।


जगदलपुर। नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट के एसएमएस (SMS) विभाग में हुए दर्दनाक औद्योगिक हादसे में वहां कार्यरत ऑपरेटर मंगल साय की मौके पर ही मौत हो जाने की घटना ने एक बार फिर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, पिघले हुए लोहे की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। मृतक मंगल साय की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है और वह छोटे देवड़ा का निवासी था। एक युवा आदिवासी श्रमिक की इस तरह असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में एनएमडीसी प्रबंधन और प्लांट में कार्यरत ठेकेदारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नगरनार स्टील प्लांट में लगातार श्रमिकों, विशेषकर आदिवासी युवकों की मौत की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। आखिर कब तक बस्तर के आदिवासी युवा अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते रहेंगे और उनके परिवारों को इस तरह अपूरणीय क्षति उठानी पड़ेगी?


सुशील मौर्य ने कहा कि एनएमडीसी जैसे बड़े सार्वजनिक उपक्रम से यह अपेक्षा की जाती है कि वह अपने प्रत्येक कर्मचारी और श्रमिक की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। लेकिन प्लांट में लगातार हो रही दुर्घटनाएं यह सवाल खड़ा करती हैं कि क्या श्रमिकों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का वास्तव में पालन किया जा रहा है? क्या ठेका श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है? यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं तो फिर बार-बार इस तरह के जानलेवा हादसे क्यों हो रहे हैं?


उन्होंने कहा कि बस्तर के आदिवासी युवा रोजगार की तलाश में अपनी मेहनत और श्रम से औद्योगिक इकाइयों को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। लेकिन यदि उन्हें कार्यस्थल पर ही सुरक्षित जीवन का भरोसा नहीं मिल पा रहा है, तो यह बेहद गंभीर विषय है। एनएमडीसी प्रबंधन को यह समझना होगा कि प्लांट में काम करने वाला प्रत्येक श्रमिक किसी परिवार का बेटा, भाई और सहारा है। उसकी जिंदगी की कीमत किसी भी उत्पादन लक्ष्य, ठेकेदारी व्यवस्था या आर्थिक लाभ से कम नहीं हो सकती।


सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि प्लांट में ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही की आशंकाएं लगातार सामने आ रही हैं। ठेकेदारों की जिम्मेदारी केवल श्रमिकों से काम करवाने तक सीमित नहीं हो सकती, बल्कि उन्हें सुरक्षित कार्यस्थल, आवश्यक सुरक्षा उपकरण, तकनीकी प्रशिक्षण और दुर्घटनाओं से बचाव के सभी उपाय उपलब्ध कराना भी उनकी जिम्मेदारी है। वहीं एनएमडीसी प्रबंधन की जवाबदेही है कि वह ठेकेदारों द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।


उन्होंने मांग की कि मंगल साय की मौत के मामले में केवल औपचारिक जांच कर खानापूर्ति नहीं की जाए, बल्कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच में यह स्पष्ट किया जाए कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, कार्यस्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, क्या श्रमिक को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे, दुर्घटना के समय कौन-कौन अधिकारी और जिम्मेदार कर्मचारी ड्यूटी पर थे तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था या नहीं।


सुशील मौर्य ने कहा कि इस पूरे मामले में मृतक के परिजनों को न्याय मिलना चाहिए। परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक पात्र सदस्य को योग्यता के अनुसार रोजगार तथा अन्य सभी वैधानिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।


उन्होंने यह भी कहा कि नगरनार स्टील प्लांट में पूर्व में हुई औद्योगिक दुर्घटनाओं और उनमें श्रमिकों की जान जाने के मामलों की भी समीक्षा होनी चाहिए। यह पता लगाया जाना आवश्यक है कि पूर्व की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था में क्या सुधार किए गए और उन सुधारों का कितना पालन हो रहा है। यदि पहले हुए हादसों से प्रबंधन ने कोई सबक नहीं लिया है, तो यह श्रमिकों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही का विषय है।


सुशील मौर्य ने कहा कि बस्तर के आदिवासी युवाओं ने अपने क्षेत्र के विकास और औद्योगिक प्रगति में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी मेहनत और श्रम से उद्योगों को लाभ मिल रहा है, लेकिन बदले में उन्हें सुरक्षित कार्यस्थल और सम्मानजनक रोजगार मिलना भी उतना ही जरूरी है। आदिवासी युवाओं की जिंदगी को सस्ती मजदूरी और ठेकेदारी व्यवस्था के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।


अंत में सुशील मौर्य ने एनएमडीसी प्रबंधन से मांग की कि मंगल साय की मौत को एक सामान्य औद्योगिक दुर्घटना मानकर नजरअंदाज न किया जाए। इस मामले में पारदर्शी जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत सभी स्थायी एवं ठेका श्रमिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह अपने जवान बेटे को न खोना पड़े।

You can share this post!

Related Posts
Adevertise