बिरसा मुंडा के संघर्ष और संविधान के मूल्यों से रूबरू हुए विद्यार्थी, धरसीवा महाविद्यालय में जनजाति गौरव एवं संविधान दिवस पर भव्य संयुक्त कार्यशाला आयोजित....
मुख्य वक्ता डॉ. सुनील कुमेटी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन और ऐतिहासिक उलगुलान पर डाला प्रकाश, विद्यार्थियों ने ली संविधान की शपथ
धरसीवा/रायपुर। जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान, संघर्ष और भारतीय लोकतंत्र के संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से शासकीय पंडित श्यामा चरण शुक्ल महाविद्यालय, धरसीवा में 26 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस एवं संविधान दिवस के अवसर पर संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भगवान धरती आबा बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान, उनके संघर्ष और भारतीय संविधान की महत्ता से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के अर्थशास्त्र अध्ययनशाला के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमेटी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्री बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके आंदोलन और देश की स्वतंत्रता के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक 'उलगुलान' आंदोलन की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान, सामाजिक चेतना और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल है। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
संविधान की शपथ लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जताई प्रतिबद्धता:
संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की शपथ ली तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य
कौशल किशोर ने की,अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने धरती आबा बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और भारतीय संविधान की महत्ता पर विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक जागरूकता, समानता और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूजा वर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने भी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और संविधान के महत्व पर अपने विचार साझा किए।अश्विनी वर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा:
कार्यशाला के अंतर्गत जनजाति गौरव विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए।प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का आयोजन समाजशास्त्र एवं राजनीति शास्त्र विभाग तथा महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. रश्मि कुजूर, डॉ. संजय कुमार सिंह एवं श्री प्रशांत रथ रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. जी. नाग भार्गवी, डॉ. सुनीता दुबे, डॉ. सी. एल. साहू, डॉ. स्वाति शर्मा, प्रशांत रथ, श्रीमती अन्नपूर्णा बंजारे, डॉ. संदीप दुबे, राकेश पाल, कु. तरनुम कौशल, सुश्री गरिमा देवांगन एवं यामिनी सहित अन्य प्राध्यापकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. संजय कुमार सिंह ने आभार व्यक्त किया।वहीं संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि कुजूर एवं श्री प्रशांत रथ द्वारा किया गया। कार्यशाला ने विद्यार्थियों को जनजातीय गौरवशाली इतिहास और भारतीय संविधान के आदर्शों को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।