रजत जयंती सप्ताह में समाज कल्याण की बड़ी पहल,साइन लैंग्वेज से समावेशी संवाद, 120 वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को मिला सहायक उपकरणों का संबल....
मोहला/मानपुर/अम्बागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती वर्ष 2025-26 के तहत शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर सुश्री तूलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा 12 से 19 दिसंबर तक विशेष साप्ताहिक आयोजन किया जा रहा है। इस सप्ताह के अंतर्गत सामाजिक समावेशन, संवेदनशीलता और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में 15 दिसंबर को वर्ल्ड साइन लैंग्वेज डे के अवसर पर जिला मुख्यालय मोहला के शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में विद्यार्थियों को साइन लैंग्वेज की जानकारी दी गई। बच्चों को साइन लैंग्वेज के अल्फाबेट्स सिखाए गए, ताकि वे श्रवण बाधित दिव्यांगजनों के साथ सहज संवाद स्थापित कर सकें और समाज में समानता व सहयोग की भावना को बढ़ावा मिले।
विशेष सप्ताह के पांचवें दिन 16 दिसंबर को अम्बागढ़ चौकी में समाज कल्याण विभाग द्वारा 120 वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रवण बाधित दिव्यांगजनों को वॉकिंग स्टिक, श्रवण यंत्र और वॉकर जैसे आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इस अवसर पर सभी लाभार्थियों को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सहायक उपकरणों से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की दैनिक दिनचर्या को अधिक सरल, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।