दुर्गा महाविद्यालय की कैडेट गार्गी शर्मा ने रचा इतिहास, गणतंत्र दिवस परेड 2025 से लेकर रक्षा मंत्री के समक्ष प्रस्तुति तक चमकाया प्रदेश का नाम.....
एनसीसी वायु सेना विंग में उत्कृष्ट योगदान पर वार्षिकोत्सव में हुआ भव्य सम्मान
रायपुर।दुर्गा महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में इस वर्ष गर्व और उत्साह का विशेष वातावरण देखने को मिला, जब कैडेट अंडर ऑफिसर गार्गी शर्मा को वर्ष 2024-25 में एनसीसी वायु सेना विंग की गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धियों ने न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया है।
गार्गी शर्मा ने राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड 2025, नई दिल्ली में भाग लेकर एनसीसी कैडेट के रूप में सर्वोच्च उपलब्धि हासिल की। गणतंत्र दिवस परेड में चयन एनसीसी कैडेट्स के लिए अत्यंत प्रतिष्ठित माना जाता है, जिसमें देशभर से चुनिंदा कैडेट्स को कठोर चयन प्रक्रिया के बाद अवसर मिलता है। इस उपलब्धि ने दुर्गा महाविद्यालय को विशेष पहचान दिलाई।
दिल्ली प्रवास के दौरान गार्गी शर्मा ने एयरो मॉडलिंग विषय पर प्रभावशाली ब्रीफिंग देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के समक्ष प्रस्तुत की। इसके साथ ही उन्होंने चीफ ऑफ नेवल स्टाफ, चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ और चीफ ऑफ एयर स्टाफ के समक्ष भी अपने मॉडल का प्रदर्शन कर तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का परिचय दिया। उनकी प्रस्तुति को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहा गया।
गार्गी ने एयर फोर्स अकादमी अटैचमेंट कैंप, दुंडिगल (हैदराबाद) में प्रशिक्षण प्राप्त किया, जहां उन्हें वायु सेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन और तकनीकी पहलुओं की गहन जानकारी मिली। इसके अतिरिक्त उन्होंने तेलंगाना में आयोजित एडवांस्ड लीडरशिप कैंप में भी भाग लिया और राष्ट्रीय स्तर के इस कैंप में मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व किया। इन शिविरों में उनके नेतृत्व कौशल, अनुशासन और समर्पण की विशेष सराहना की गई।
महाविद्यालय प्रबंधन ने गार्गी शर्मा की इस असाधारण उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए वार्षिकोत्सव मंच से उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्राचार्य, प्राध्यापकगण और विद्यार्थियों ने तालियों की गूंज के साथ उनका अभिनंदन किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि गार्गी शर्मा की सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि ने दुर्गा महाविद्यालय के इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
Subscribe our newsletter to stay updated