सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज इंटर कॉलेज बास्केटबाल चैंपियन.....
रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में पैलोटी कॉलेज द्वारा आयोजित बास्केटबॉल पुरुष प्रतियोगिता में पैलोटी कॉलेज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में दुर्गा महाविद्यालय को 46-32 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में पहले सेमीफाइनल में पैलोटी कॉलेज ने विप्र कॉलेज को 35-29 अंकों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में दुर्गा महाविद्यालय ने छत्तीसगढ़ महाविद्यालय को 47-35 अंकों से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में पैलोटी कॉलेज के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन एवं खेल कौशल का परिचय देते हुए खिताबी जीत दर्ज की।
इस प्रतियोगिता में कुल आठ महाविद्यालयीन टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इनमें यूटीडी रायपुर, मैक कॉलेज, साइंस कॉलेज, छत्तीसगढ़ कॉलेज, विप्र कॉलेज, दुर्गा कॉलेज, आरंग कॉलेज एवं आयोजक महाविद्यालय पैलोटी कॉलेज, रायपुर की टीमें शामिल रहीं। सभी टीमों ने खेल भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सहायक खेल संचालक (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) डीएसपी रुस्तम सारंग रहे।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे एवं उप प्राचार्या जी. पद्मा गौरी सहित समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों से क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विष्णु श्रीवास्तव, डॉ. रूपेंद्र चौहान, ज्ञानेंद्र भाई एवं रीना ध्रुव तथा बास्केटबॉल खेल विशेषज्ञ उमेश सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।प्रतियोगिता के पश्चात राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रायपुर सेक्टर की टीम का चयन किया गया।प्रतियोगिता के सफल संचालन में ऑफिशियल हीरा भगत, निकिता आडिला, पलास परमार, अनस सुल्तान, प्रियल चौधरी, भूमि चौहान एवं विजेता प्रकाश का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रतियोगिता आयोजन के प्रभारी महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा एवं शारीरिक शिक्षा विभागा के प्रभारी दुर्गाशीश मिश्रा थे।
Subscribe our newsletter to stay updated