फुटबॉल के मैदान में पैलौटी कॉलेज का दबदबा बरकरार! आदर्श कॉलेज को सडन डेथ में 9-8 से दी शिकस्त, लगातार दूसरी बार जीती चैंपियनशिप.....
फुल टाइम से लेकर पेनल्टी शूटआउट तक बराबरी का मुकाबला, सडन डेथ में पैलौटी कॉलेज ने मारी बाजी; राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल भी आयोजित
रायपुर। उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालयीन फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच की सारी सीमाएं पार कर गया। सांसें थाम देने वाले इस मुकाबले में सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज ने आदर्श महाविद्यालय को सडन डेथ में 9-8 से पराजित कर लगातार दूसरे वर्ष चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और बेहतरीन टीम भावना का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद अतिरिक्त समय में भी दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष जारी रहा, लेकिन स्कोर बराबर ही रहा। निर्णय के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जहां भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।अंततः सडन डेथ में सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज ने 9-8 से बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज के खिलाड़ी विल्सन कुजूर को मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। वहीं आदर्श महाविद्यालय के नितेश कुमार को टूर्नामेंट का बेस्ट स्ट्राइकर और मुन्ना लाल को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
समापन समारोह में महाविद्यालय के डायरेक्टर फादर अमित तिर्की, प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे एवं उप प्राचार्य डॉ. जी. पदम गौरी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी अशिम कादरी, कर्मिष्ट संभलकर, आदर्श मिश्रा, वीरेंद्र जांगड़े, चंद्रशेखर बांधे, कोमल वर्मा, ललित कुर्रे, रीना ध्रुव एवं डॉ.पी. निर्मला उपस्थित रहे।प्रतियोगिता के सफल संचालन में ऑफिशियल रफीक खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे एवं डायरेक्टर फादर अमित तिर्की ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और खेल भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल आयोजित:
प्रतियोगिता के संयोजक मुकेश कुमार सिन्हा एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी दुर्गाशीश मिश्रा ने बताया कि फाइनल मुकाबले के समापन के बाद अंबिकापुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल का आयोजन भी किया गया। इसमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
लगातार दूसरे वर्ष चैंपियन बनकर सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज की टीम ने न केवल अपनी श्रेष्ठता साबित की, बल्कि अंतर महाविद्यालयीन फुटबॉल में अपनी मजबूत पहचान भी कायम की है।
Subscribe our newsletter to stay updated