जगदलपुर। बस्तरवासियों के लिए आज का दिन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया है। लंबे समय से जिस अत्याधुनिक हृदय चिकित्सा सुविधा का इंतजार था, वह आज साकार होने जा रहा है। कॉन्टिनेंटल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में बस्तर संभाग की पहली अत्याधुनिक कैथलैब का शुभारंभ आज दोपहर 12:15 बजे प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।
कैथलैब के शुरू होने के साथ ही बस्तर के हजारों हृदय रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी।
अब एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी सहित हृदय संबंधी कई जटिल जांच और उपचार के लिए रायपुर, विशाखापट्टनम, हैदराबाद या अन्य महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने से अनेक लोगों की जान बचाने में भी यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह उपलब्धि ऐसे समय आई है जब कॉन्टिनेंटल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल अपने सफल संचालन के 100 दिन पूरे कर रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने इस अवसर को बस्तर की जनता को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की नई सौगात देने के रूप में यादगार बनाया है।
शुभारंभ समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव, विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, महापौर संजय पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि कैथलैब की शुरुआत से बस्तर में हृदय रोगों के उपचार का नया अध्याय शुरू होगा। इससे न केवल मरीजों का समय और आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि गंभीर स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध होने से जीवन बचाने की संभावना भी काफी बढ़ जाएगी। बस्तर के स्वास्थ्य ढांचे के लिए इसे एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
Subscribe our newsletter to stay updated