news-details
स्वास्थ्य
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

धरसींवा महाविद्यालय में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य व सिकल सेल जांच शिविर, 475 लोग हुए लाभान्वित – 100 छात्रों की जांच में 5 पाए गए पॉजिटिव...

धरसींवा। शासकीय पं. श्यामाचरण शुक्ल महाविद्यालय, धरसींवा में 11 मार्च 2026 को महाविद्यालय की रेड क्रॉस इकाई के तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं सिकल सेल परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ और उनके अभिभावक सहित लगभग 475 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया।

स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न बीमारियों की जांच कर मरीजों को परामर्श और निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराईं। स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर डॉ. सीमा शुक्ला ने बाल झड़ना, रूसी, पिम्पल, त्वचा रोग, कब्ज, गैस्ट्रिक, खून की कमी, माहवारी संबंधी समस्याएं, माइग्रेन और कमजोरी जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का परीक्षण कर उपचार और दवाइयों का वितरण किया।

फिजियोथेरेपिस्ट एवं पोषण आहार विशेषज्ञ डॉ. अदिती सतपथी ने गर्दन और कमर दर्द, पिम्पल्स, कमजोरी, वजन कम या ज्यादा होने, थायरॉइड तथा कम उम्र में मोबाइल के अधिक उपयोग से होने वाले सिरदर्द जैसी समस्याओं पर विस्तृत परामर्श देते हुए संतुलित पोषण आहार की जानकारी दी।

आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि चंद्राकर एवं रोशनी रात्रे ने मुंह के छाले, एनीमिया, दंत रोग, हाइपरटेंशन, स्किन डिजीज और कमजोरी से संबंधित स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयाँ और मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं नेत्र सहायक अधिकारी गौतम रात्रे, पी.के. वर्मा और रूपेश ध्रुव ने नेत्र परीक्षण कर ग्लूकोमा संबंधी जागरूकता फैलाते हुए कमजोर दृष्टि के उपचार और सावधानियों की जानकारी दी।

शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर और वजन की भी जांच की गई। विशेष रूप से 100 छात्र-छात्राओं का सिकल सेल परीक्षण किया गया, जिसमें 5 छात्र-छात्राएँ पॉजिटिव पाए गए। सिकल सेल स्वास्थ्य टीम ने उन्हें आवश्यक उपचार और जागरूकता संबंधी जानकारी प्रदान की। इस टीम में वीरेन्द्र साहू (एलटी), आशीष कुमार शर्मा (फार्मासिस्ट), आकांक्षा (फार्मासिस्ट), रेणुका साहू (एनएमए), उषा लहरे व पूजा साहू (पंचकर्मा सहायक) तथा प्रभा साहू (सीएचओ) शामिल रहे।

महाविद्यालय के प्राचार्य कौशल किशोर शर्मा ने स्वयं स्वास्थ्य जांच कराते हुए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और शिविर में सेवा देने वाले सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र धरसींवा के बीएमओ डॉ. विकास तिवारी का सहयोग भी सराहनीय रहा।

कार्यक्रम के अंत में रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. सुनीता दुबे ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य टीम और महाविद्यालयीन स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए शिविर को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उपरोक्त जानकारी महाविद्यालय के डॉ. संदीप दुबे के माध्यम से दी गई।

You can share this post!

Related Posts