शासकीय पंडित श्यामचरण शुक्ला महाविद्यालय में ‘स्टार्टअप जागरूकता’ सत्र संपन्न....
रायपुर/धरसिवा।शासकीय पंडित श्यामचरण शुक्ला महाविद्यालय में “स्टार्टअप छत्तीसगढ़” पहल के अंतर्गत उद्योग संचालनालय के सहयोग से ‘इंस्टीट्यूशनल अवेयरनेस ऑन एंटरप्रेन्योरशिप एंड स्टार्टअप्स’ विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता एवं स्टार्टअप्स के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं और अवसरों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य श्री कौशल किशोर के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने स्टार्टअप्स की
आवश्यकता और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, “युवाओं को अपने नवीन विचारों, नवाचार और महत्वाकांक्षा के माध्यम से देश के आर्थिक विकास में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
उद्योग संचालनालय की ओर से सुश्री प्रीति खंडेलवाल एवं सुश्री रुचिरा पारीक उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता के रूप में सुश्री प्रीति खंडेलवाल ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप इकोसिस्टम, विभिन्न विभागीय योजनाओं, वित्तीय सहायता, मेंटरशिप और उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने राज्य में सफलतापूर्वक संचालित हो रहे स्टार्टअप्स के उदाहरण प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
सुश्री रुचिरा पारीक ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें अपने अभिनव विचारों को पहचानने, विकसित करने और उन्हें व्यावसायिक रूप देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, संसाधनों और दृढ़ संकल्प के साथ युवा अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. सुषमा मिश्रा, डॉ. सी.एल. साहू, डॉ. सुनीता दुबे, डॉ. रश्मि कुजूर, डॉ. संजय सिंह एवं डॉ. स्वाति शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रशांत रथ द्वारा किया गया।
सत्र में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्टार्टअप्स से संबंधित नई एवं उपयोगी जानकारियाँ प्राप्त कीं।
इस संबंध में जानकारी डॉ. संदीप दुबे द्वारा प्रदान की गई।
Subscribe our newsletter to stay updated