गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन ने छत्तीसगढ़ महाविद्यालय को दिए 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर, डिजिटल शिक्षा को मिला नया बल.....
रायपुर। शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय, रायपुर में मंगलवार को गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन ने कॉर्पोरेट एनवायरनमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CER) के तहत महाविद्यालय को 10 डेस्कटॉप कंप्यूटर प्रदान किए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराकर डिजिटल शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा आयुक्त श्रीमती रीता यादव थीं। उनके साथ अपर संचालक डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर, रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. गोवर्धन व्यास, कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. स्वाति जैन, महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन की ओर से श्री सुरेश अग्रवाल कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथियों के स्वागत के बाद श्री सुरेश अग्रवाल ने गोयल ग्रुप और गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, सामाजिक विकास एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना फाउंडेशन की प्राथमिकता है और यह सहयोग उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
मुख्य अतिथि श्रीमती रीता यादव ने फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल ज्ञान और तकनीकी दक्षता विद्यार्थियों की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने महाविद्यालय परिवार से आग्रह किया कि इन कंप्यूटरों का उपयोग कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा तथा नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को साकार करने में किया जाए। उन्होंने प्राध्यापकों से विद्यार्थियों को सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में भी मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।
अपर संचालक डॉ. तपेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक संस्थाओं का सहयोग उच्च शिक्षा संस्थानों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होती हैं और उनके लिए नए अवसरों के द्वार खुलते हैं।
प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर ने गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन 10 डेस्कटॉप कंप्यूटरों से विद्यार्थियों को अध्ययन, शोध, डिजिटल लर्निंग और तकनीकी प्रशिक्षण में विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया और नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वासुदेव साहसी ने किया। अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित लोगों ने इस पहल को शिक्षा, तकनीकी विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
Subscribe our newsletter to stay updated