news-details
शिक्षा एवं रोज़गार
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

शासकीय योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में एसबीआई की कार्यशाला आयोजित, एमओयू के तहत बैंकिंग, बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं पेंशन सुविधाओं की दी गई जानकारी.....

रायपुर। शासकीय योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में छत्तीसगढ़ शासन एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अंतर्गत शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपलब्ध विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं, बीमा सुरक्षा तथा अन्य वित्तीय लाभों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला के संयोजक एवं रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. गोवर्धन व्यास ने बताया कि बैरन बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों की टीम ने एमओयू के प्रावधानों एवं उसके अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

कार्यशाला में एसबीआई के शाखा प्रबंधक जतिन शर्मा, सीएसआरएम अजय त्रिवेदी, एसबीआई कार्ड विभाग से इस्माइल तथा एसबीआई जनरल इंश्योरेंस से झमलेश्वर साहू सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी साझा की।

कार्यशाला में व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, हवाई दुर्घटना बीमा, जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस), डेबिट कार्ड, प्लेटिनम कार्ड, क्रेडिट कार्ड तथा अन्य बैंकिंग सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।अधिकारियों ने पात्र कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं, बीमा कवर, संबंधित नियमों एवं शर्तों की जानकारी देते हुए विभिन्न बैंकिंग उत्पादों के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजलि भटनागर ने अपने उद्बोधन में कहा कि कर्मचारियों के लिए बैंकिंग एवं बीमा संबंधी सुविधाओं की जानकारी होना आवश्यक है। इस प्रकार की कार्यशालाएं उन्हें उपलब्ध वित्तीय सुरक्षा के विकल्पों को समझने और अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप उचित निर्णय लेने में सहायता करती हैं। उन्होंने ऐसी उपयोगी गतिविधियों के आयोजन को महाविद्यालय परिवार के लिए लाभकारी बताया।

एसबीआई के शाखा प्रबंधक जतिन शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के साथ हुए समझौते के अंतर्गत पात्र शासकीय कर्मचारियों को विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपने वेतन खाते से संबंधित सुविधाओं, बीमा कवर, कार्ड सेवाओं तथा उनकी पात्रता एवं शर्तों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास है कि ग्राहकों को उपलब्ध सेवाओं की सही जानकारी मिले और वे आवश्यकता के समय उनका समुचित लाभ उठा सकें।


एसबीआई के सीएसआरएम अजय त्रिवेदी ने बैंकिंग सेवाओं के उपयोग तथा वित्तीय योजनाओं को समझने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी के साथ-साथ उनके नियमों एवं शर्तों को भी समझना चाहिए। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग, कार्ड सुविधाओं तथा अन्य वित्तीय सेवाओं का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की जिज्ञासा होने पर बैंक अधिकारियों से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी।

कार्यशाला के संयोजक डॉ. गोवर्धन व्यास ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एमओयू से संबंधित सुविधाओं की जानकारी प्रदान करना तथा उनकी समस्याओं एवं शंकाओं का एसबीआई अधिकारियों की टीम के माध्यम से समाधान करवाना था। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को योजनाओं की सही जानकारी उपलब्ध होने से वे अपने लिए निर्धारित सुविधाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।

कार्यशाला के दौरान महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बीमा कवर, स्वास्थ्य बीमा, एनपीएस, कार्ड सुविधाओं तथा अन्य बैंकिंग सेवाओं से संबंधित प्रश्न पूछे। एसबीआई अधिकारियों ने प्रश्नों के विस्तारपूर्वक उत्तर देकर उपस्थित लोगों की शंकाओं का समाधान किया। इस संवादात्मक सत्र से कर्मचारियों को एमओयू के विभिन्न प्रावधानों एवं सुविधाओं के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सभी प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. संजय चंद्राकर ने भारतीय स्टेट बैंक की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एमओयू से संबंधित विभिन्न बैंकिंग, बीमा एवं वित्तीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करने तथा उनकी शंकाओं का समाधान करने के लिए एसबीआई के अधिकारियों का धन्यवाद किया।

कार्यशाला का समापन कर्मचारियों को एमओयू के प्रावधानों से अवगत कराने तथा उन्हें उपलब्ध बैंकिंग, बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं पेंशन संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य के साथ हुआ।

You can share this post!

Related Posts
Adevertise