सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा “ज्ञान का सेतु” के माध्यम से बाल आश्रम के बच्चों को कंप्यूटर प्रशिक्षण....
रायपुर। सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा बीसीए तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के सहयोग से बाल आश्रम, कचहरी चौक रायपुर में 3 अगस्त 2026 से 5 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय एक्सटेंशन एक्टिविटी “ज्ञान का सेतु” का आयोजन किया गया I
इस कार्यक्रम के अंतर्गत तकनीकी ज्ञान के अवसर हेतु बाल आश्रम के बच्चों को बीसीए के कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थियों द्वारा अपने ज्ञान का प्रसार करते हुए बेसिक कंप्यूटर कौशल एवं डिजिटल ज्ञान का प्रशिक्षण दिया गयाI
बच्चों को कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी, की-बोर्ड एवं माउस संचालन दक्षता "एम.एस. वर्ड" और "एम.एस. एक्सेल" तथा कंप्यूटर के दैनिक उपयोग से संबंधित जानकारी सरल एवं प्रायोगिक तरीके से प्रदान की गई।
इस पहल का उद्देश्य बच्चों में डिजिटल जागरूकता, आत्मविश्वास एवं तकनीकी दक्षता विकसित करना है। साथ ही, महाविद्यालय के विद्यार्थियों में अपने ज्ञान को समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुँचाने, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना को बढ़ावा देना है।
कंप्यूटर विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा राठी ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं तकनीकी कौशल से सशक्त बनाना, उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण मॉड्यूल तथा विद्यार्थियों के उपयोग हेतु लैपटॉप पूर्व से ही व्यवस्थित कर दिए गए थे।
इस कार्यक्रम के प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे ने सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास विद्यार्थियों के ज्ञान को समाज से जोड़ने तथा जरूरतमंद बच्चों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सेंट विंसेंट पैलौटी कॉलेज द्वारा प्रत्येक वर्ष शासकीय स्कूल के बच्चों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कॉलेज का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना एवं डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वाइस प्रिंसिपल डॉक्टर जी पदम गौरी कंप्यूटर विभाग के शिक्षक एवं स्टूडेंट्स उपस्थित हुए ।
Subscribe our newsletter to stay updated