news-details
शिक्षा एवं रोज़गार
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

इंटर्नशिप से विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान और रोजगार का नया अवसर, शासकीय श्यामाचरण शुक्ल महाविद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित...

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप की प्रक्रिया, विषय चयन, शोध, आंकड़ों के विश्लेषण और रिपोर्ट तैयार करने के दिए महत्वपूर्ण सुझाव

धरसींवा। नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में शासकीय पंडित श्यामाचरण शुक्ल महाविद्यालय, धरसींवा में एक दिवसीय इंटर्नशिप कार्यशाला का आयोजन किया गया। 18 नवंबर 2026 को आयोजित इस कार्यशाला में विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के पंचम सेमेस्टर के नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों को छठवें सेमेस्टर में होने वाली इंटर्नशिप की प्रक्रिया और उसके महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें भविष्य में रोजगार एवं उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का उद्देश्य, महत्व, विषय चयन, अध्ययन के स्रोत, क्षेत्रीय कार्य, आंकड़ों का संकलन एवं विश्लेषण तथा इंटर्नशिप प्रतिवेदन (रिपोर्ट) तैयार कर जमा करने की प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कौशल किशोर ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के औपचारिक स्वागत के साथ हुआ। एनईपी समन्वयक डॉ. जी. नाग भार्गवी ने इंटर्नशिप की प्रारंभिक जानकारी देते हुए इसकी शैक्षणिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वहीं एनईपी समिति की सदस्य डॉ. सुनीता दुबे ने इंटर्नशिप के अध्ययन, विषय चयन एवं संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

डॉ. रश्मि कुजूर ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप की मूल्यांकन पद्धति से अवगत कराया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के पूर्व कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार पांडे ने स्वरोजगार एवं बायो इकोनॉमी के विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ कौशल विकास, व्यावहारिक अनुभव और रोजगारोन्मुखी सोच विकसित करने के महत्व से परिचित कराया।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं एवं शंकाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। वक्ताओं ने बताया कि इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थी अपने अध्ययन विषय का वास्तविक परिस्थितियों में प्रयोग करना सीखेंगे। इससे उनमें कार्यक्षमता, शोध कौशल और व्यावसायिक दक्षता विकसित होगी, जो भविष्य में रोजगार तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. निधि देवांगन ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. रश्मि कुजूर द्वारा किया गया। आयोजन में डॉ. स्वाति शर्मा का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी संकायों के सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, जनभागीदारी एवं स्वशासी स्टाफ सहित कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

You can share this post!

Related Posts
Adevertise