https://youtube.com/shorts/-E8J7qQPzTE?si=8pid-YYu-P_d1Jxk
अपराध
sampatdak
SUBHASH RATTANPAL
सुभाष रतनपाल

18 साल की महिला गांजा तस्करी में गिरफ्तार, 930 ग्राम नशीला माल बरामद; कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई


जगदलपुर। बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय महिला को गांजा बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है। पनारापारा क्षेत्र में ग्राहक का इंतजार कर रही महिला को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी के कब्जे से करीब 930 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 49 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष NDPS न्यायालय भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पनारापारा स्कूल के पीछे रानी के घर के पास एक महिला गांजा बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने की, जबकि नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी धोत्रे ने पूरे ऑपरेशन का पर्यवेक्षण किया।


थाना कोतवाली प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें महिला पुलिस बल को भी शामिल किया गया। टीम ने सूचना स्थल पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम निशा नाग, उम्र करीब 18 वर्ष 10 माह, निवासी पनारापारा स्कूल के पीछे, जगदलपुर बताया।


तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से करीब 930 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। पुलिस पूछताछ में गांजा बिक्री की बात सामने आने पर NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत विधिवत कार्रवाई की गई। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर भेजा गया।


इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरुण मरकाम और प्रमोद ठाकुर ने सूचना की पुष्टि और दबिश कार्रवाई में भूमिका निभाई। सहायक उप निरीक्षक सतीश यादव एवं मीना यादव ने तलाशी और कानूनी प्रक्रिया को अंजाम दिया। प्रधान आरक्षक विनोद चांदने के साथ आरक्षक रीना अनंत, पुनीता ठाकुर, रंगलाल खरे, वरुण बघेल, सोमालु और तोमन बघेल ने घेराबंदी, सुरक्षा और आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


कोतवाली पुलिस की यह कार्रवाई शहर में नशे के खिलाफ जारी जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें सूखे नशे के छोटे से छोटे नेटवर्क पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।

You can share this post!

Related Posts