जगदलपुर। विशाल मेगा मार्ट में निजी सुरक्षा गार्ड नंद दुलाल डे के साथ हुई कथित बेरहमी से मारपीट का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। स्थानीय स्तर पर विरोध के बाद अब प्रदेशीय बंगाली समाज सेवा समिति, छत्तीसगढ़ ने भी प्रदेश के गृह मंत्री को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप करने तथा आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
समिति ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 1 जुलाई को पार्किंग विवाद के दौरान 58 वर्षीय सुरक्षा गार्ड नंद दुलाल डे के साथ सार्वजनिक स्थान पर बेरहमी से मारपीट की गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। पत्र में यह भी कहा गया है कि एफआईआर दर्ज करने में देरी हुई तथा घटना की गंभीरता के अनुरूप धाराएं नहीं लगाई गईं। समिति ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और पीड़ित को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।
इससे पहले जगदलपुर बंगाली समाज भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर इस घटना का विरोध दर्ज करा चुका है। वहीं विभिन्न सामाजिक संगठन लगातार इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
इधर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज भी इस मामले पर सवाल उठा चुके हैं। पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि परिवार ने उन्हें बताया है कि न्याय मिलने के बजाय उन्हें लगातार शासन-प्रशासन के माध्यम से डराया और धमकाया जा रहा है।
दीपक बैज ने कहा कि प्रशासन का दायित्व है कि वह निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करे तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के क्षेत्र में इतनी गंभीर घटना होने के बावजूद अब तक उनकी ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में उनकी चुप्पी आखिर क्यों है।
लगातार बढ़ते जनदबाव, सामाजिक संगठनों के विरोध और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।
Subscribe our newsletter to stay updated