जगदलपुर | बस्तर अंचल की आस्था और विश्वास के प्रमुख केंद्र माँ दंतेश्वरी मंदिर, जगदलपुर में हुई चोरी की घटना ने पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। दिनांक 23 और 24 जनवरी 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर द्वारा मंदिर परिसर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की जानकारी 24 जनवरी की सुबह मंदिर के पुजारी द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा के निर्देशन में जिला पुलिस एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने तत्काल घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। मामले की संवेदनशीलता और धार्मिक महत्व को देखते हुए बस्तर पुलिस द्वारा 9 विशेष टीमों का गठन कर व्यापक जांच शुरू की गई है।
जांच के दौरान बस्तर पुलिस ने शहर में लगे 100 से अधिक शासकीय एवं निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया, जिनकी सहायता से चोरी की घटना में शामिल आरोपी के चेहरे की पहचान कर ली गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी से संबंधित कोई भी ठोस जानकारी प्राप्त हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को बस्तर पुलिस की ओर से 5,000 रुपये नगद इनाम प्रदान किया जाएगा।
वर्तमान में 4 से 5 पुलिस टीमें उड़ीसा एवं आसपास के पड़ोसी जिलों में भी लगातार दबिश देकर आरोपी की तलाश कर रही हैं। बस्तर पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, आगे की कार्रवाई की सूचना सार्वजनिक की जाती रहेगी।
बस्तर पुलिस ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया है कि माँ दंतेश्वरी मंदिर की पवित्रता और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के कठोर दायरे में लाया जाएगा, ताकि आस्था पर प्रहार करने वालों को सख्त संदेश दिया जा सके।
Subscribe our newsletter to stay updated