जगदलपुर। बस्तर पुलिस द्वारा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बोधघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बेचने की फिराक में खड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद कर जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिलेभर में नशे के सौदागरों तथा आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे आम पेड़ के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
रेड कार्रवाई के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदेही युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम बंटू चौहान (27 वर्ष) पिता अनिल चौहान, निवासी अडावाल खासपारा, जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल Pyeevon Spas Plus Tramadol HCL Capsules के कुल 17 पत्ते, कुल 136 नग, जिसकी अनुमानित कीमत 54 हजार 400 रुपये बताई गई है, बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी उक्त नशीले पदार्थ को रखने, परिवहन करने अथवा बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) के तहत अपराध पाए जाने पर पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
बोधघाट पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड हेतु माननीय विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में उप निरीक्षक ललित नेगी एवं लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, व्यास नारायण, डोलामनी भोई, लखेश्वर बघेल सहित आरक्षक दीपक मिंज, राम ठाकुर, युवराज ठाकुर, कामदेव दर्रो, मानकू कोर्राम, थानेंद्र सिन्हा, होरीलाल आर्यों, विपिन मिंज, बामन सेन, परमानंद भोयर, संदीप राणा, अजीत सरकार, मुकेश कोडोपी, मनोज एवं चुरेन्द ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Subscribe our newsletter to stay updated