जगदलपुर। शहर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई लाखों की सोने के आभूषणों की चोरी के मामले में बस्तर पुलिस ने संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे, जबकि महिलाएं और बच्चे भीड़भाड़ वाली दुकानों में प्रवेश कर दुकानदारों का ध्यान भटकाते थे। इसी दौरान मौका देखकर सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया जाता था। चोरी किए गए सामान को छिपाने और खपाने की जिम्मेदारी गिरोह के पुरुष सदस्य संभालते थे।
इस मामले में बस्तर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालिका के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कुल 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल एक स्कॉर्पियो वाहन, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में महिलाओं और बच्चों का एक समूह पहुंचा। त्योहार के कारण दुकान में काफी भीड़ थी। गिरोह की महिलाओं ने आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में भीड़ बढ़ाई और दुकानदार का ध्यान भटकाया। इसी दौरान एक महिला ने दुकान की दराज में रखे सोने के आभूषणों से भरे प्लास्टिक बॉक्स को निकालकर एक विधि से संघर्षरत बालिका को सौंप दिया। इसके बाद सभी संगठित तरीके से दुकान से बाहर निकल गए।
दुकान संचालिका को शाम करीब 7:30 बजे सोने के टॉप्स वाला बॉक्स नहीं मिलने पर चोरी का संदेह हुआ। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें करीब 5 से 7 महिलाओं और बच्चों का समूह दुकान में प्रवेश करता दिखाई दिया। फुटेज में एक महिला द्वारा दराज से सोने के आभूषणों का बॉक्स निकालकर बालिका को सौंपने की गतिविधि सामने आई। इसके बाद थाना कोतवाली जगदलपुर में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।
चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में कार्रवाई शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त वीडियो क्लिप और तस्वीरों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया। साइबर सेल की मदद और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की।
जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 17 C 3511 पुलिस के संदेह के दायरे में आई। वाहन के मालिक से पूछताछ करने पर उसने स्कॉर्पियो को दुआ मोटर्स में बेचना बताया। दुआ मोटर्स से मिली जानकारी के आधार पर वाहन को पथरीली उड़वा, कोड़ेनार निवासी मासों कश्यप द्वारा खरीदे जाने का पता चला। इस सुराग के बाद पुलिस की जांच आरोपियों के गांव तक पहुंची।
पूरे मामले के खुलासे के लिए नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन (IPS) के नेतृत्व में चार विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों में निरीक्षक लीलाधर राठौर, निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, उप निरीक्षक अमित सिदार और उप निरीक्षक अरुण मरकाम को शामिल किया गया।
पुलिस टीमें कोड़ेनार क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आरोपियों की तलाश के लिए रवाना हुईं। संदिग्धों के गांव पथरीली उड़वा में दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए सामान के साथ पहले ही जंगल की ओर छिपने चले गए थे। इसके बाद पुलिस ने रात में जंगल की घेराबंदी कर उनकी तलाश शुरू की।
जंगल और ऊंची घास का क्षेत्र काफी विस्तृत होने के कारण आरोपियों को तलाशने में कठिनाई आई। ऐसे में पुलिस ने थर्मल कैमरा ड्रोन और सामान्य ड्रोन कैमरों की मदद से संभावित ठिकानों की निगरानी की। इसके साथ ही अलग-अलग पुलिस टीमों ने पैदल गश्त कर जंगल के संभावित छिपने वाले स्थानों की तलाशी ली।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से संदिग्धों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया और चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कराए। कार्रवाई में कुल 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण पैकेट सहित जब्त किए गए।
मामले में पांच आरोपियों को 11 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालिका को वैधानिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने कार्रवाई का मार्गदर्शन किया, जबकि नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन (IPS) के पर्यवेक्षण और नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की विवेचना और आरोपियों की पतासाजी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निरीक्षक प्रमोद ठाकुर, उप निरीक्षक अमित सिदार और उप निरीक्षक अरुण मरकाम ने विशेष टीमों के माध्यम से कोड़ेनार क्षेत्र में दबिश और जंगल में तलाश की कार्रवाई को अंजाम दिया।
निरीक्षक: लीलाधर राठौर, प्रमोद ठाकुर।
उप निरीक्षक: अरुण मरकाम, अमित सिदार।
सहायक उप निरीक्षक: सतीश यादव, प्रमोद सिन्हा, मीना यादव।
प्रधान आरक्षक: विनोद चांदने, धर्मेंद्र कंवर, खेदु ठाकुर, मोहन कश्यप, राजू टोप्पो, मौसम गुप्ता।
महिला प्रधान आरक्षक: उमा भगत।
महिला आरक्षक: रीना अनंत, सुशांति लकड़ा, यास्मीन बेगम।
आरक्षक: सोनू गौतम, प्रदीप कश्यप, महेंद्र पटेल, महंगू कश्यप, कृष्णा नेताम, अमर बेसरा, तरुण यादव, धनेश्वर यादव, हेमचंद मौर्य, देवचंद बघेल, गौतम सिंहा, बलराम कश्यप, रंग लाल खरे, आदित्य पवार और रुद्र पाणिग्रही।
बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई से संजय मार्केट के मोती ज्वेलर्स चोरीकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Subscribe our newsletter to stay updated