news-details
अपराध
sampatdak
SUBHASH RATTANPAL
सुभाष रतनपाल

जगदलपुर में 32 किलो से अधिक गांजा जब्त, राजस्थान के दो युवक गिरफ्तार 16 लाख 40 हजार रुपये से अधिक कीमत का गांजा बरामद, बस का इंतजार कर रहे थे आरोपी


जगदलपुर/बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बोधघाट पुलिस ने नया बस स्टैंड के पीछे बस का इंतजार कर रहे राजस्थान के दो युवकों को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 32 किलो 813 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख 40 हजार 650 रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड जगदलपुर के पीछे दो युवक लाल और आसमानी रंग के ट्रॉली बैग में गांजा रखकर बस से रायपुर होते हुए आगे जाने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पालेन्द्र चौधरी, उम्र 20 वर्ष और धर्मेंद्र कुमार, उम्र 18 वर्ष, दोनों निवासी जिला डिंग, राजस्थान के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दोनों के ट्रॉली बैग से सात पैकेट में रखा कुल 32.813 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के अलावा दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है, और 2100 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 7 नवंबर को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया है।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआई अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी सहित प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर तथा आरक्षक विजय तिर्की, राजेश कश्यप, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर, कामदेव दर्रो, रामचंद साहू और अजीत सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


बस्तर पुलिस द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।



You can share this post!

Related Posts
Adevertise