भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा की
खड़गे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें - वेदप्रकाश पाण्डेय
जगदलपुर।भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता को लेकर की गई टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। श्री पाण्डेय ने कहा कि राजनीतिक हताशा में कांग्रेस अब भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमायें भी लांघने लगी है। श्री पाण्डेय ने कहा कि अपने इस घिनौने कृत्य के लिये कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे अविलम्ब देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने अपने जारी वक्तव्य में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस जिस स्तर तक उतर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है।
पाण्डेय ने कहा कि जनता कांग्रेस की इस संस्कारहीन और ओछी राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है। जब-जब कांग्रेस ने ऐसी घृणित भाषा अपनाई है, जनता ने उसे करारा जवाब दिया है। इस बार भी जनता ऐसी राजनीति को न भूलेगी, न स्वीकार करेगी और समय आने पर अपने लोकतांत्रिक अधिकार से इसका जवाब देगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की गिरी हुई सोच और संस्कारहीन राजनीति का खुला प्रमाण है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपनी टिप्पणी के लिए अविलम्ब देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
Subscribe our newsletter to stay updated