जगदलपुर। वन मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल जवानों से भेंट की और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने घायल जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर बातचीत की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जवानों से मुलाकात के बाद मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि सभी जवान कुशल हैं और उनका उपचार जारी है। उन्होंने स्व. बलीराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू एवं कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अधिकारियों से जवानों के स्वास्थ्य, उपचार एवं रिकवरी की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 23 अगस्त को वनमंत्री श्री केदार कश्यप अपने गृहग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो वनमंत्री की पायलट वाहन को पार करते हुए मंत्री के वाहन के मिरर को छूकर स्पेयर वाहन से टकराई और इसके बाद फॉलो वाहन से जा भिड़ी। दुर्घटना में फॉलो वाहन में सवार चालक एवं पुलिस जवान घायल हो गए थे।
घटना के तत्काल बाद मंत्री केदार कश्यप ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई थी। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर के कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रिफर किया गया था। जहां उनका इलाज जारी है।
Subscribe our newsletter to stay updated