news-details
छत्तीसगढ
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

पत्रकारों के लिए बड़ी सौगात : महाराष्ट्र मंडल भवन की बुकिंग पर मिलेगी 25% छूट, रायपुर प्रेस क्लब की पहल रंग लाई.....

रायपुर। पत्रकारों के कल्याण और उनके सामाजिक हितों को ध्यान में रखते हुए रायपुर प्रेस क्लब ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अब रायपुर प्रेस क्लब के अधिकृत सदस्य पत्रकारों को शहर के प्रतिष्ठित महाराष्ट्र मंडल के भवनों की बुकिंग पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ मिलेगा।

पत्रकारों को विवाह, पारिवारिक समारोह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए रियायती दर पर भवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर प्रेस क्लब द्वारा विभिन्न संस्थाओं से संपर्क कर प्रस्ताव भेजे गए थे। इसी कड़ी में शहर के हृदय स्थल स्थित प्रसिद्ध महाराष्ट्र मंडल ने प्रेस क्लब के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए अपने भवनों की बुकिंग पर प्रेस क्लब के अधिकृत सदस्यों को 25 प्रतिशत की छूट प्रदान करने का निर्णय लिया है।

महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले की ओर से जारी सहमति पत्र को मंडल के प्रतिनिधि रविंद्र ठेंगड़ी और कुणाल मिश्रा ने रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी को सौंपा। निर्णय के अनुसार, रायपुर प्रेस क्लब द्वारा जारी अनुशंसा पत्र के आधार पर पात्र पत्रकार सदस्य इस विशेष रियायत का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

इस पहल पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने महाराष्ट्र मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के सामाजिक और पारिवारिक हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार कल्याणकारी कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पत्रकारों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।

रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े ने महाराष्ट्र मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, वरिष्ठ पत्रकार विजय मिश्रा, गिरीश केसरवानी, शंभू राही, अजय श्रीवास्तव तथा जगजीत सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

पत्रकार हितों के लिए यह पहल एक बड़ी सौगात मानी जा रही है, जिससे पत्रकारों को पारिवारिक आयोजनों में आर्थिक राहत मिलने के साथ सामाजिक सुविधाओं का भी बेहतर लाभ मिल सकेगा।

You can share this post!

Related Posts