जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना नगरनार पुलिस ने धनपुंजी आरटीओ नाका के पास कार्रवाई करते हुए 3 किलो अवैध गांजा के साथ उत्तरप्रदेश निवासी 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा गांजा उड़ीसा से उत्तरप्रदेश ले जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना नगरनार क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
21 अगस्त 2026 को नगरनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति धनपुंजी आरटीओ नाका के पास पीठ्ठू बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर परिवहन करने के लिए बस का इंतजार कर रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल धनपुंजी आरटीओ नाका पहुंची।
मौके पर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति बस का इंतजार करते हुए दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रजत पिता संतोष कुमार, उम्र 23 वर्ष, जाति कुर्मी, निवासी लालपुर, थाना बिल्हौर, जिला कानपुर नगर, उत्तरप्रदेश बताया।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे में रखे बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर एक पैकेट में कुल 3 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1,50,000 रुपये है।
आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा एक मोबाइल फोन कीमत करीब 5,000 रुपये तथा नगदी 500 रुपये भी जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 123/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
उड़ीसा से उत्तरप्रदेश तक गांजा ले जाने की तैयारी
पुलिस की कार्रवाई में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी गांजे को उड़ीसा राज्य से लेकर उत्तरप्रदेश की ओर ले जाने की तैयारी में था। नगरनार थाना क्षेत्र में धनपुंजी आरटीओ नाका छत्तीसगढ़-उड़ीसा सीमा से जुड़े महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। ऐसे में पुलिस द्वारा इस क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना नगरनार के निरीक्षक विकेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, सहायक उपनिरीक्षक महेन्द्र ठाकुर, प्रधान आरक्षक भीमेसन बघेल, आरक्षक राधा कृष्ण राय, आरक्षक दशरू राम नाग, आरक्षक विक्रम उराव, डीएसएफ आरक्षक कार्तिक नाग, आरक्षक भास्कर भारद्वाज तथा वाहन चालक अविनाश मांझी का विशेष योगदान रहा।
बस्तर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों के परिवहन और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
Subscribe our newsletter to stay updated