news-details
छत्तीसगढ
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

2.5 लाख रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर रायपुर में युवाओं का जोरदार प्रदर्शन,ए.आई.डी.वाई.ओ. ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता व बेरोजगारी भत्ता देने की मांग....

रायपुर।छत्तीसगढ़ में बढ़ती बेरोजगारी और सरकारी विभागों में वर्षों से खाली पड़े पदों को अविलंब भरने की मांग को लेकर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन (ए.आई.डी.वाई.ओ.) के बैनर तले युवाओं ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के पास अंबेडकर चौक, रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि राज्य के शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व, वन, लोक निर्माण, जल संसाधन समेत विभिन्न विभागों में लगभग 2.5 लाख से अधिक पद लंबे समय से रिक्त हैं। बावजूद इसके, पिछले दो वर्षों से सरकारी भर्तियां ठप पड़ी हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।

युवाओं की प्रमुख मांगें:

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने राज्य सरकार से निम्न मांगें रखीं—

: सभी रिक्त पदों को तत्काल भरते हुए नए रोजगार का सृजन किया जाए।

: लंबित प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी कर 3 महीने के भीतर नियुक्तियां दी जाएं।

: प्रश्न पत्र निर्माण से लेकर परीक्षा संचालन तक की जिम्मेदारी सरकारी एजेंसी को दी जाए और नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया समाप्त की जाए।

: सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में आयु सीमा 5 वर्ष बढ़ाई जाए तथा आवेदन शुल्क समाप्त कर निःशुल्क यात्रा पास दिया जाए।

: ठेकेदारी/संविदा प्रथा समाप्त कर स्थायी नियुक्तियां की जाएं।

: रोजगार मिलने तक सम्मानजनक बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।

: भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, पेपर लीक पर कड़ी कार्रवाई हो और सरकारी उपक्रमों के निजीकरण की नीति वापस ली जाए।

बेरोजगारी बन रही गंभीर सामाजिक संकट:

ए.आई.डी.वाई.ओ. नेताओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पंजीकृत बेरोजगार युवाओं की संख्या 19 लाख से अधिक हो चुकी है, जिनमें बड़ी संख्या उच्च शिक्षित युवाओं की है। निजी व असंगठित क्षेत्र में 12–14 घंटे कम मजदूरी पर काम करने की मजबूरी ने हालात और खराब कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार के अभाव में युवाओं में मानसिक अवसाद, नशाखोरी और अपराध जैसी प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

दिल्ली में होगा देशव्यापी प्रदर्शन:

ए.आई.डी.वाई.ओ. ने ऐलान किया कि आगामी 11 अप्रैल 2026 को संगठन देशभर से हजारों युवाओं के साथ राजधानी दिल्ली में देशव्यापी प्रदर्शन करेगा और रोजगार की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपेगा।

इस प्रदर्शन में ए.आई.डी.वाई.ओ. की राज्य अध्यक्ष सीमा शर्मा, सचिव आत्माराम साहू सहित संगठन के कई पदाधिकारी व युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने सरकार से अपील की कि युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए ठोस रोजगार नीति बनाकर हर हाथ को काम देने की गारंटी सुनिश्चित की जाए।

You can share this post!

Related Posts
Adevertise