SUBHASH RATTANPAL
सुभाष रतनपाल
त्रिपुरा में बिप्लब कुमार देब के इस्तीफे के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान कर दिया गया है। त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद माणिक साहा को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है। केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षकों में से एक भूपेंद्र यादव ने साहा के नाम का एलान किया। एलान के बाद साहा राज्यपाल से मिलने पहुंचे। बताया जा रहा है कि वे आज यानी रविवार को सुबह 11.30 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि माणिक साहा को त्रिपुरा भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की बहुत-बहुत बधाई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में त्रिपुरा विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।
इस्तीफा देने के बाद बिप्लब ने कहा कि एक मुख्यमंत्री के रूप में मुझे त्रिपुरा की सेवा करने की जिम्मेदारी देने के लिए मैं केंद्रीय नेतृत्व और त्रिपुरा के लोगों को धन्यवाद देता हूं। मैंने तहे दिल से अपने राज्य की सेवा की है और हमेशा अपने राज्य की बेहतरी के लिए काम करता रहूंगा।