news-details
राजनीति
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

सुकमा की हर ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट की मांग, आप ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

एक माह में काम शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन की चेतावनी....

सुकमा। जिले की ग्राम पंचायतों और प्रमुख मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। आप के सुकमा जिलाध्यक्ष सुरेश कवासी के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिले की सभी ग्राम पंचायतों और प्रमुख मोहल्लों में तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की। पार्टी ने प्रशासन को एक माह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

अंधेरे में ग्रामीणों का आवागमन, जंगली जानवरों का भी खतरा:

आप नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि सुकमा जिले की अधिकांश ग्राम पंचायतें जंगल एवं झाड़ियों से घिरे इलाकों में स्थित हैं। शाम होते ही कई गांवों और मोहल्लों में अंधेरा छा जाता है। स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को रात के समय आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही जंगली जानवरों एवं विषैले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है।

पार्टी का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा और सुगम आवागमन से जुड़ा आवश्यक बुनियादी ढांचा है। इसलिए इस समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

खराब लाइटों की मरम्मत और नई लाइट लगाने की मांग:

ज्ञापन के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने मांग की कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख मोहल्लों का सर्वे कराकर जहां आवश्यकता है, वहां नई स्ट्रीट लाइट तत्काल लगाई जाए। इसके साथ ही पहले से लगी लेकिन खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की भी शीघ्र मरम्मत कराई जाए।

एक महीने का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी:

आम आदमी पार्टी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर स्ट्रीट लाइट लगाने एवं खराब लाइटों की मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया, तो पार्टी ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी। पार्टी ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान आप के जिलाध्यक्ष सुरेश कवासी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You can share this post!

Related Posts