रायपुर कांग्रेस में उभरा ओबीसी चेहरा: संगठन विस्तार की कमान संभालते ही एक्शन मोड में लक्ष्मण सेन....
रायपुर। रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विंग के नवनियुक्त अध्यक्ष लक्ष्मण सेन ने पदभार संभालते ही संगठन विस्तार और ओबीसी समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए तेज़ी से सक्रियता शुरू कर दी है। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से लगातार मुलाकात कर वे न सिर्फ आशीर्वाद ले रहे हैं, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी काम कर रहे हैं।
लक्ष्मण सेन ने रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार शंकर मैनन से सौजन्य भेंट कर संगठन की मजबूती, कांग्रेस की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और ओबीसी विंग की सक्रिय भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इसके बाद लक्ष्मण सेन ने रायपुर ग्रामीण विधानसभा के लोकप्रिय कांग्रेस नेता पंकज शर्मा से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय राजनीति, जनहित के मुद्दों और कांग्रेस संगठन को मजबूती देने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
वहीं रायपुर पश्चिम विधानसभा के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय से मुलाकात के दौरान ओबीसी विंग को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ को और सशक्त बनाने पर गंभीर मंथन हुआ।
लक्ष्मण सेन ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से रायपुर शहर में ओबीसी विंग को नई ऊर्जा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रीति-नीति और जनहितकारी विचारों को हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
राजनीतिक गलियारों में लक्ष्मण सेन की लगातार सक्रियता को कांग्रेस संगठन में ओबीसी नेतृत्व के उभरते मजबूत चेहरे के रूप में देखा जा रहा है। संगठनात्मक बैठकों, वरिष्ठ नेताओं से समन्वय और जमीनी कार्यकर्ताओं से संपर्क के जरिए वे रायपुर शहर में कांग्रेस के जनाधार को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
Subscribe our newsletter to stay updated