शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया की बरी: रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान ने कहा– “साजिश बेनकाब, सत्य की जीत”
रायपुर।आम आदमी पार्टी रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान ने शराब नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एवं वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया के बाइज्जत बरी होने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह फैसला राजनीति में साजिश और बदले की भावना की पराजय है।यह सिर्फ दो नेताओं की जीत नहीं, बल्कि देश में ईमानदार राजनीति की जीत है।
अजीम खान ने कहा कि आम आदमी पार्टी को झूठे मामलों में फंसाकर जनता के बीच उसकी छवि खराब करने की साजिश रची गई थी, लेकिन आज अदालत के फैसले ने साफ कर दिया कि सत्य को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सत्ता के दुरुपयोग से चुनी हुई सरकारों और जननेताओं को निशाना बनाया, उन्हें अब देश की जनता को जवाब देना होगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह फैसला उन करोड़ों लोगों की उम्मीदों की जीत है जो साफ-सुथरी राजनीति चाहते हैं।“जब-जब आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार और गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई, तब-तब हमारे नेताओं को झूठे केसों में फंसाया गया। लेकिन आज न्यायपालिका ने साबित कर दिया कि आम आदमी पार्टी ईमानदार राजनीति की सबसे मजबूत आवाज है।”
अजीम खान ने रायपुर की जनता से अपील करते हुए कहा कि यह समय डरने का नहीं, बल्कि और मजबूती से लोकतंत्र और संविधान के पक्ष में खड़े होने का है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में जनसमस्याओं को लेकर और तेज़ आंदोलन करेगी तथा जनता के हक़ की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी।
उन्होंने अंत में कहा कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता इस फैसले को सत्य और न्याय की जीत के रूप में मना रहे हैं और जनता तक इस सच्चाई को पहुंचाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।
Subscribe our newsletter to stay updated