news-details
राजनीति
sampatdak
ASHISH TIWARI
आशीष तिवारी

कुम्हारी टोल पर सियासी संग्राम तेज: विकास उपाध्याय का बृजमोहन अग्रवाल पर करारा हमला, “जून की घोषणा सिर्फ़ जुमला”

रायपुर। कुम्हारी टोल प्लाजा को लेकर राजनीति एक बार फिर उबाल पर है। कांग्रेस नेता और पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर तीखा प्रहार करते हुए उनकी जून 2026 में टोल बंद होने की घोषणा को “अखबारी सुर्खियों का स्टंट” करार दिया। उपाध्याय ने कहा कि एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी अफसरों के साथ सांसद की बैठकें “चाय-नाश्ते से आगे नहीं बढ़तीं” और जनता को सिर्फ़ झूठे सपने दिखाए जा रहे हैं।

उपाध्याय ने आरोप लगाया कि पहले भी टोल बंद होने की खबर पर पटाखे फोड़े गए, मिठाइयाँ बाँटी गईं, लेकिन हकीकत में कुछ नहीं बदला। “अब फिर वही जुमला दोहराया जा रहा है ताकि राजनीतिक साख बचाई जा सके और छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह किया जा सके,”।

कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने कड़े शब्दों में कहा कि कुम्हारी टोल अवैध वसूली का केंद्र बन चुका है। उनके अनुसार, टोल वसूली की अधिकृत तिथि 02 मार्च 2015 थी, जिसे विभागीय खेल से बढ़ाकर 16 अगस्त 2020 तक किया गया, फिर भी आज तक “अनाधिकृत वसूली” जारी है—जो नियमों और सरकारी दिशानिर्देशों का खुला उल्लंघन है।

उपाध्याय ने यह भी दावा किया कि केंद्रीय परिवहन मंत्री द्वारा भेजे गए पत्रों को “वाहवाही बटोरने” के लिए सोशल मीडिया पर प्रचारित किया गया, जबकि ज़मीनी कार्रवाई शून्य है। उन्होंने कहा कि “झूठी तालियाँ बंद करें, जनता को राहत चाहिए, बयान नहीं,”।

कांग्रेस ने मोर्चा खोलते हुए बताया कि एनएचएआई कार्यालयों पर प्रदर्शन, प्रोजेक्ट डायरेक्टर से सीधी वार्ता, 10 सांसदों को ज्ञापन, हस्ताक्षर अभियान, और केंद्रीय मंत्री से मुलाकात—हर स्तर पर दबाव बनाया गया, फिर भी सरकारें गंभीर नहीं हैं।

कुम्हारी टोल अब सिर्फ़ सड़क का मुद्दा नहीं, बल्कि राजनीतिक साख बनाम जनता की राहत की लड़ाई बन चुका है। कांग्रेस का दावा है—जब तक टोल बंद नहीं होता, आंदोलन और तेज़ होगा।

You can share this post!

Related Posts
Adevertise