महंगाई पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे) का मोदी सरकार पर बड़ा हमला: पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम तत्काल घटाने की मांग....
रायपुर। शिवसेना छत्तीसगढ़ (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर तत्काल राहत देने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आने के बावजूद देश की जनता को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
शिवसेना का कहना है कि जब पश्चिम एशिया में युद्ध और वैश्विक तनाव के दौरान कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर थीं, तब केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की। इससे महंगाई चरम पर पहुंच गई और आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा।
पार्टी ने दावा किया कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल का भाव लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल है, जबकि पहले यह करीब 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था। ऐसे में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में कमी की जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
शिवसेना (उद्धव ठाकरे) ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और पेट्रोलियम कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें घटने के बावजूद आम लोगों को राहत देने के बजाय ऊंची कीमतें बनाए हुए हैं। पार्टी का कहना है कि महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही जनता को तत्काल राहत देने के लिए ईंधन और रसोई गैस के दाम कम किए जाने चाहिए।
प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में शिवसेना ने मांग की है कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कटौती कर देशवासियों को महंगाई से राहत दी जाए। पार्टी का कहना है कि ईंधन की कीमतें घटने से परिवहन लागत कम होगी, आवश्यक वस्तुओं के दाम नियंत्रित होंगे और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
शिवसेना ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि वह जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों की समीक्षा करे और जल्द से जल्द आम लोगों को राहत प्रदान करने का निर्णय ले।
Subscribe our newsletter to stay updated