“झूठी चार्जशीट, एजेंसियों का दुरुपयोग और मीडिया ट्रायल — सब ध्वस्त: मिहिर कुर्मी का भाजपा पर करारा प्रहार”
रायपुर।दिल्ली की सीबीआई कोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को तथाकथित शराब नीति मामले में बाइज्जत बरी किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने भाजपा पर तीखा और आक्रामक हमला बोला है।
उन्होंने अदालत के फैसले को “संविधान की जीत और भाजपा की साजिशी राजनीति की खुली हार” बताया।
मिहिर कुर्मी ने बयान जारी कर कहा—
“भाजपा ने सत्ता के नशे में ईडी और सीबीआई को विपक्ष को कुचलने का हथियार बना दिया। झूठी चार्जशीट, मनगढ़ंत कहानियाँ और मीडिया ट्रायल रचकर देश को गुमराह किया गया। आज कोर्ट ने इस पूरी साजिश को ध्वस्त कर दिया।”
उन्होंने कहा कि महीनों तक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को जेल में रखकर यह संदेश देने की कोशिश की गई कि सत्ता से सवाल करने वालों को कुचल दिया जाएगा—
“भाजपा का असली चेहरा आज देश के सामने नंगा हो गया है। निर्दोष नेताओं को बदनाम करने की साज़िश नाकाम रही।”
प्रदेश मीडिया प्रभारी ने भाजपा से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा—
“अगर भाजपा में नैतिकता नाम की कोई चीज़ बची है तो उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। निर्दोष लोगों को महीनों जेल में रखकर जो मानसिक यातनाएँ दी गईं, उसका जिम्मेदार कौन है? क्या भाजपा इसकी जवाबदेही लेगी?”
मिहिर कुर्मी ने कहा कि यह फैसला केवल आम आदमी पार्टी की नहीं, बल्कि लोकतंत्र में भरोसा रखने वाले हर नागरिक की जीत है—
“आज साबित हो गया कि सत्ता कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, संविधान उससे बड़ा है। बाबा साहेब के संविधान ने भाजपा की राजनीतिक साज़िशों को कुचल दिया।”
उन्होंने छत्तीसगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस फैसले को जनता के बीच ले जाकर भाजपा की “राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति” को बेनकाब करें—
“हर गली, हर मोहल्ले में बताएँगे कि किस तरह एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की गई।”
Subscribe our newsletter to stay updated