SUBHASH RATTANPAL
सुभाष रतनपाल
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के चलबो गोठान खोलबो पोल अभियान में भाजपा के नेता, कार्यकर्ता दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँच स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर गोठान का निरीक्षण करने जा रहे हैं। पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री किरणदेव व भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने अलग अलग ग्रामीण क्षेत्रों में बनाये गये गोठान का मुआयना किया और वहाँ हो रहे भ्रष्टाचार को ग्रामीणों को बताया।
दरभा ब्लॉक के ग्राम पंचायत तीरथगढ़, छिन्दवाड़ा व कावारास में बनाये गये गोठानों का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री किरणदेव ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गोठानों के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। गोठानों को धन कमाने का जरिया बना कर भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ निवासियों के साथ छल किया है। निरीक्षण में गोठानों में न गाय दिख रही है और न ही आवश्यक व्यवस्थायें। समूचे प्रदेश में लगभग गोठानों में घोटाला हुआ है।
भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने तोकापाल ब्लॉक में कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों के साथ ग्रम पंचायत घाट धनोरा, पलवा, राजुर क्र.2 व कोंडालुर में जाकर गोठानों की जांच की। श्री मण्डावी ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार पूरी तरह गोठान घोटाले में लिप्त है, गोठानों का निरीक्षण करने के बाद यह बात प्रत्यक्ष रूप से प्रमाणित हो रही है। गोठान के नाम पर ढांचा खड़ा कर दिया गया है, जहाँ मवेशी तक नहीं है। धन की लूट करने के लिये गौमाता व गोठान का नाम लेकर कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के कारनामें कर रही है।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के द्वारा गोठानों के निरीक्षण के दौरान योगेन्द्र पाण्डेय, रामाश्रय सिंह, हरिप्रसाद कश्यप, देवी प्रसाद बेंजाम, धर्मेन्द्र ठाकुर, सतीश बाजपेयी, संतोष बघेल, लछिन यादव, रैतुराम बघेल, बुधराम बघेल, परदेशी कश्यप,जीवनाथ मण्डल आदि सहित कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।